ग्रेटर नोएडा: ज्वेलर की आंखों में स्प्रे झोंककर 5 सोने की अंगूठियां लूटीं, CCTV में कैद वारदात
जेएमएनटीवी न्यूज़: ग्रेटर नोएडा में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. एक ज्वेलरी शॉप में घुसकर एक बदमाश ने ज्वेलर की आंखों में स्प्रे झोंक दिया और पांच सोने की अंगूठियां लूटकर फरार हो गया. यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
घटना ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र के कालीचरण मार्केट में स्थित शगुन ज्वेलर्स की है. दुकान के मालिक हेमपाल वर्मा ने बताया कि 12 अप्रैल को एक व्यक्ति उनकी दुकान पर आया और लेडीज अंगूठी दिखाने को कहा. जब उन्होंने सोने की अंगूठियां दिखाईं, तो उसने पांचों अंगूठियां अपनी उंगलियों में पहन लीं.
जब हेमपाल वर्मा ने उससे अंगूठियां उतारने को कहा, तो उसने कहा कि वह फोटो खींचकर अपनी पत्नी को भेजेगा. तभी उसने अपनी जेब से स्प्रे निकाला और वर्मा की आंखों में मार दिया. स्प्रे के कारण वर्मा को दिखना बंद हो गया और आरोपी अंगूठियां लेकर भागने में सफल रहा. वर्मा ने उसका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे.
पीड़ित हेमपाल वर्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि आरोपी ने पहले अंगूठियां देखीं, उन्हें पहना, और फिर स्प्रे मारकर फरार हो गया.
कासना थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा.