होर्मुज में ‘ज़ॉम्बी’ जहाज: रूस से सीखकर ईरान ने अमेरिका को दी मात!
अमेरिका ने ईरान के समुद्री व्यापार को रोकने के लिए नाकाबंदी की, लेकिन ईरान ने रूस से सीखकर इसका तोड़ निकाल लिया है। ईरानी जहाज अब अपनी पहचान छिपाने के लिए भ्रामक ट्रैकिंग तकनीकों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, ईरानी जहाज ट्रांसपोंडर बंद कर देते हैं या गलत पहचान प्रसारित करते हैं, जिससे उन्हें ट्रैक करना मुश्किल हो जाता है। समुद्री इंटेलिजेंस कंपनी विंडवर्ड के सीईओ एमी डेनियल ने कहा कि अब जहाज ‘डार्क’ हो रहे हैं या ‘ज़ॉम्बी’ पहचान का इस्तेमाल कर रहे हैं।
यह दिखाता है कि जहाज ऑपरेटर निगरानी से बचने के लिए सतर्क हो गए हैं, ऐसी तकनीक पहले रूस से जुड़े जहाजों ने भी इस्तेमाल की थी।
अमेरिका ने ईरान के बंदरगाहों की नाकाबंदी की है, लेकिन ईरान ने समुद्री व्यापार जारी रखने के रास्ते खोज लिए हैं। यूएस सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने कहा कि नाकाबंदी सभी देशों के जहाजों पर लागू है, लेकिन ईरान के जहाज चालाकी से बच रहे हैं।
एडमिरल ब्रैड कूपर के अनुसार, ईरान की अर्थव्यवस्था का 90% समुद्री व्यापार पर निर्भर है, लेकिन नाकाबंदी के बावजूद ईरान ने व्यापार जारी रखा है। अमेरिकी नौसेना ने ईरान से निकलने की कोशिश कर रहे तेल टैंकरों को रोका, लेकिन ईरान अपनी रणनीति बदलने में माहिर है।