म्यूचुअल फंड्स ने अडानी के इन 8 शेयरों में किया भारी निवेश, शेयरों में आई जबरदस्त उछाल
JMNTV: अडानी ग्रुप के शेयरों में पिछले कुछ दिनों से लगातार तेजी देखी जा रही है। इस तेजी का एक बड़ा कारण सामने आया है। खबर है कि म्यूचुअल फंड्स (Mutual Funds) ने अडानी ग्रुप के कुछ शेयरों में बड़ा निवेश किया है, जिसके चलते इन शेयरों में जबरदस्त उछाल आया है।
प्राइम डेटाबेस के आंकड़ों के अनुसार, फंड मैनेजर्स ने इस महीने अडानी ग्रुप के 8 शेयरों में कुल 3,122 करोड़ रुपये का निवेश किया है।
जिन शेयरों में फंड मैनेजर्स ने पैसा लगाया है, उनमें अडानी पावर लिमिटेड, अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड, अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड, अडानी पोर्ट्स, एसीसी लिमिटेड, सांघी इंडस्ट्रीज, अंबुजा सीमेंट और अडानी टोटल गैस शामिल हैं। म्यूचुअल फंड्स द्वारा मार्च में इन शेयरों की खरीदारी के बाद इन शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिली है।
पिछले एक महीने में अडानी एंटरप्राइजेज के शेयर 10%, अडानी ग्रीन एनर्जी के शेयर 26%, अडानी पावर के शेयर 20% और अडानी टोटल गैस के शेयर 12% तक बढ़ चुके हैं।
अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड: मार्च में म्यूचुअल फंड्स की हिस्सेदारी फरवरी के 2.16% से बढ़कर 2.84% हो गई। घरेलू फंड्स ने इस महीने 1,695.40 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। मार्च के अंत में म्यूचुअल फंड्स के पास 6,454.28 करोड़ रुपये के शेयर थे, जबकि फरवरी के अंत में यह आंकड़ा 6,023.62 करोड़ रुपये था।
अडानी ग्रीन एनर्जी: म्यूचुअल फंड निवेशकों ने 723.86 करोड़ रुपये के अडानी ग्रीन एनर्जी के शेयर खरीदे, जिससे फरवरी में 2.67% से बढ़कर उनकी हिस्सेदारी 3.18% हो गई। मार्च के अंत में म्यूचुअल फंड निवेशकों के पास 4,228.54 करोड़ रुपये के अडानी ग्रीन एनर्जी के शेयर थे।
सीमेंट शेयरों में भी हिस्सेदारी बढ़ाई: म्यूचुअल फंड निवेशकों ने सीमेंट निर्माता कंपनियों अंबुजा सीमेंट और एसीसी में क्रमशः 476.74 करोड़ रुपये और 17 करोड़ रुपये की हिस्सेदारी बढ़ाई है। मार्च के अंत में अंबुजा सीमेंट में उनकी 8.88% और एसीसी में 7.97% हिस्सेदारी थी।
अडानी पावर में भी बड़ी खरीद: मार्च में अदानी पावर में म्यूचुअल फंड की ओर से 374.84 करोड़ रुपये की नेट खरीदारी देखने को मिली, क्योंकि संस्थागत निवेशकों ने महीने-दर-महीने आधार पर अपनी हिस्सेदारी 3.49% से बढ़ाकर 3.63% कर दी।
संघी इंडस्ट्रीज और अडानी टोटल गैस लिमिटेड दो ऐसे शेयर हैं जिनमें मार्च में म्यूचुअल फंड्स द्वारा 52 करोड़ रुपये तक की खरीदारी देखी गई। वहीं, म्यूचुअल फंड्स ने अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस के 288 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
ब्रोकर की राय: जेएम फाइनेंशियल ने मार्च तिमाही के लिए कहा कि अडानी पावर का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 12.3% घटकर 2,278 करोड़ रुपये रह सकता है, जबकि बिक्री में 0.5% की बढ़ोतरी होकर 14,309 करोड़ रुपये हो जाएगी। जेएम फाइनेंशियल का अनुमान है कि अडानी एनर्जी का लाभ सालाना आधार पर 148% बढ़कर 654 करोड़ रुपये हो जाएगा, जबकि अडानी ग्रीन का लाभ 46% घटकर 296.70 करोड़ रुपये रह जाएगा।
पीएल कैपिटल ने अंबुजा सीमेंट के शेयर को ‘एक्युमुलेट’ कैटेगरी में अपग्रेड किया है और इसका टारगेट 27,770 रुपये से बढ़ाकर 27,370 रुपये कर दिया है। पीएल कैपिटल ने एसीसी के लिए ‘बाय’ की सलाह दी है और इसका टारगेट 2,188 रुपये रखा है।
(नोट: किसी भी शेयर में निवेश करने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह अवश्य लें।)