थाईलैंड: बीच पर खुलेआम रोमांस! फ्रांसीसी कपल गिरफ्तार, अश्लीलता फैलाने का आरोप
थाईलैंड अपने खूबसूरत समुद्री तटों के लिए दुनियाभर में मशहूर है. हर साल लाखों पर्यटक यहां सुकून और मनोरंजन के लिए आते हैं. लेकिन, कई बार कुछ पर्यटक ऐसी हरकतें कर बैठते हैं, जिससे स्थानीय लोगों को शर्मिंदगी महसूस होती है. हाल ही में, एक फ्रांसीसी कपल को बीच पर खुलेआम अश्लील हरकतें करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है.
वायरल वीडियो में यह कपल थाईलैंड के एक बीच पर अंतरंग पलों में डूबा हुआ दिखाई दे रहा है. स्थानीय लोगों ने सार्वजनिक जगह पर अश्लीलता फैलाने की शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फ्रांसीसी कपल को गिरफ्तार कर लिया.
डेली मेल की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना फुकेत के रायी बीच पर 10 अप्रैल को हुई थी. कपल को रेत पर मौज-मस्ती करते हुए देखा गया था. स्थानीय लोगों ने उनकी आपत्तिजनक हरकतों को रिकॉर्ड कर पुलिस को सौंप दिया.
स्थानीय लोगों का कहना है कि कपल को दूसरों की परवाह नहीं थी और वे अपनी हरकतों में मशगूल थे. इस तरह की सार्वजनिक अश्लीलता से स्थानीय लोगों और पर्यटकों को शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा.
स्थानीय लोगों में आक्रोश
स्थानीय लोगों ने इलाके में गश्त न करने पर पुलिस की आलोचना की है. उनका कहना है कि देश में नियम-कानूनों का पालन नहीं हो रहा है. कुछ लोगों ने यह भी कहा कि विदेशी पर्यटक जानवरों की तरह व्यवहार करते हैं और वे ऐसे माहौल में नहीं रहना चाहते.
पुलिस ने कपल को फुकेत के काथू जिले के एक होटल से गिरफ्तार किया. उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है और उन पर सार्वजनिक स्थान पर अश्लीलता फैलाने के लिए 5,000 बात (115 पाउंड) का जुर्माना लगाया गया है.
पुलिस कर्नल अनुराक परिन्यासथिरकुल ने बताया कि अधिकारियों ने कपल को समझाया कि उनकी हरकत गैरकानूनी क्यों थी. कपल ने कहा कि उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं थी और वे छुट्टी पर होने के कारण बेफिक्र थे.
पहले भी सामने आई हैं ऐसी घटनाएं
पिछले साल भी इसी तरह की घटनाएं सामने आई थीं. एक घटना में, एक पर्यटक जोड़े को ड्राइवर के टुक-टुक के पीछे बैठकर अश्लील हरकतें करते हुए देखा गया था. वहीं, एक अन्य घटना में, एक कपल होटल के कमरे में खिड़कियां खुली छोड़कर अंतरंग गतिविधियों में लिप्त था, जिसके बाद महिला बिना कपड़ों के बालकनी में चली गई थी.