बिजली संकट से जूझते पाकिस्तान ने मांगी माफी, पीएम शहबाज शरीफ का विदेश दौरा
पाकिस्तान में बिजली की भारी कटौती से जनता त्रस्त है। सरकार ने आधिकारिक तौर पर 2.25 घंटे की बिजली कटौती का ऐलान किया है, लेकिन वास्तविक कटौती इससे कहीं ज्यादा है।
बिजली की कमी से परेशान पाकिस्तानी नागरिक हैरान हैं, क्योंकि एक तरफ देश में घंटों बिजली गुल है, तो दूसरी तरफ प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ मध्य पूर्व में शांति दूत बनकर उड़ान भर रहे हैं। ईरान-अमेरिका तनाव और हालिया युद्ध में पाकिस्तान ने खुद को ‘पीस मेकर’ के रूप में पेश किया है।
पाकिस्तान सरकार ने मुल्क में लगातार बिजली कटौती के लिए जनता से माफी मांगी है। ऊर्जा मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि बिजली प्रोडक्शन में कमी की वजह से पूरे देश में 2.25 घंटे की बिजली कटौती होगी। सरकार ने इसका कारण महंगे ईंधनों के इस्तेमाल को कम करना और बिजली की दरों में भारी बढ़ोतरी को रोकना बताया है।
बुधवार को सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं से किए गए वादे से ज्यादा लोड शेडिंग के लिए माफी मांगी। ऊर्जा विभाग ने कहा कि हाइड्रो पावर की उपलब्धता में कमी के कारण अतिरिक्त लोड शेडिंग की जा रही है, जिसके लिए सरकार माफी मांगती है। बिजली विभाग के एक प्रवक्ता ने उपभोक्ताओं से बिजली बचाने का भी आग्रह किया है, खासकर रात के समय।
इस बीच, ईरान वॉर की मध्यस्थता कर रहे पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ सऊदी अरब से मिल रहे कर्जे की अगली किस्त को फाइनल करने के लिए सऊदी अरब की यात्रा पर जा रहे हैं। सऊदी अरब ने पाकिस्तान के लिए 3 अरब डॉलर की कर्जे की घोषणा की है। सऊदी ने पाकिस्तान में जमा 5 अरब डॉलर की रकम का रोलओवर भी बढ़ा दिया है।
शहबाज शरीफ तुर्की और कतर की यात्रा पर भी जाएंगे। उनकी यात्रा 18 अप्रैल तक चलेगी। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार PM शहबाज सऊदी अरब के शीर्ष नेतृत्व के साथ बैठक करेंगे, जिसमें क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान भी शामिल हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा कि सऊदी अरब और कतर की ये यात्राएं द्विपक्षीय यात्राएं हैं।
हाल ही में पाकिस्तान ने सऊदी अरब के साथ द्विपक्षीय रक्षा समझौते के तहत अपनी जंगी जहाजों को सऊदी अरब भेजा था। घरेलू स्तर पर पाकिस्तान की माली हालत काफी खराब है। लोड शेडिंग, महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रहे पाकिस्तान के लिए पीएम की यह यात्रा सिर्फ डिप्लोमेसी नहीं, बल्कि आर्थिक सांस लेने का जरिया भी है।
शहबाज सरकार लोड शेडिंग के लिए जनता से माफी मांगती है और फिर प्राइवेट जेट से विदेश रवाना हो जाते हैं, जिससे जनता का गुस्सा स्वाभाविक है।