तुर्की: स्कूल में अंधाधुंध गोलीबारी, 4 की मौत, 20 घायल, मचा हड़कंप
JMNTV: तुर्की के कहरामनमारस प्रांत के एक सेकेंडरी स्कूल में आज भीषण गोलीबारी हुई। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में कम से कम 4 लोगों की जान चली गई और 20 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह हमला आयसर कैलिक सेकेंडरी स्कूल में हुआ।
बताया जा रहा है कि एक छात्र अचानक बंदूक लेकर आया और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिससे पूरे स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस और मेडिकल टीमें तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
कहरामनमारस के गवर्नर मुकेर्रम उनलुएर ने इस घटना में 4 लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने कहा, ‘यह एक दुखद घटना है और हमने कई लोगों को खो दिया है।’ उन्होंने यह भी बताया कि हमलावर छात्र सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में मारा गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस गोलीबारी में कम से कम 20 लोग घायल हुए हैं।
सुरक्षा बलों ने तुरंत स्कूल परिसर और आसपास के इलाके को घेर लिया है और स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, हमलावर अपने पिता की बंदूक एक बैग में रखकर स्कूल लाया था। उसके पिता एक सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी हैं। मृतकों में एक शिक्षक और तीन छात्र शामिल हैं।
पुलिस ने हमले के मकसद का पता लगाने के लिए गहन जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने कहा है कि जैसे-जैसे नई जानकारी सामने आएगी, उसे मीडिया के साथ साझा किया जाएगा। दुर्भाग्यवश, हाल के दिनों में तुर्की में गोलीबारी की घटनाएं बढ़ी हैं। यह दो दिन में गोलीबारी की दूसरी घटना है।
एक दिन पहले, सानलिउर्फा प्रांत के एक हाई स्कूल में एक पूर्व छात्र ने गोलीबारी करके 16 लोगों को घायल कर दिया था। बाद में उसने खुद को भी गोली मार ली, जिससे उसकी मौत हो गई। इससे पहले 7 अप्रैल को इस्तांबुल में इजरायली वाणिज्य दूतावास के पास हुई गोलीबारी में एक हमलावर की मौत हुई थी और 4 अन्य लोग घायल हुए थे। पुलिस इन सभी घटनाओं की जांच कर रही है और हमलों के पीछे के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। JMNTV इस घटना पर लगातार नजर बनाए हुए है और आपको ताजा अपडेट देता रहेगा।